छत्तीसगढ़

मूलभूत एवं 15वें वित्त की राशि का भुगतान नहीं होने से ग्राम पंचायतों में अटके मूलभुत काम : चातुरी नंद

ग्राम पंचायतों की लंबित राशि का जल्द भुगतान करने विधायक चातुरी नंद ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखा पत्र

सरायपाली, 24 अक्टूबर 2025 : महासमुंद जिले की ग्राम पंचायतों को विगत छः माह से अधिक समय से मूलभूत राशि एवं 15वें वित्त आयोग की राशि का भुगतान न होने पर सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर जल्द भुगतान करने का आग्रह किया है।

IMG 20251024 WA0235

इस सम्बन्ध में मीडिया को जारी बयान में विधायक चातुरी नंद ने राज्य की विष्णु देव साय सरकार पर ग्राम पंचायतों में राशि जारी नहीं करने पर बड़ा हमला बोला है। विधायक चातुरी नंद ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आज ग्राम पंचायतों में मूलभूत कार्यों की फंड की कमी है। विगत 6 माह से अधिक समय से मूलभूत राशि और 15वें वित्त की राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। फंड नहीं होने से ग्राम पंचायतों में पेयजल, नाली, साफ सफाई सहित मूलभूत कार्य अटके हुए है।

विधायक नंद ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्य आज ठप हैं, सरपंच और पंचायत असहाय हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर सभी लंबित राशि के तत्काल भुगतान की मांग की है।

विधायक चातुरी नंद ने कहा “यह कैसी सुशासन सरकार है जो गांवों की नब्ज़ तक सुनने को तैयार नहीं? ग्राम पंचायतों की राशि अटकाकर सरकार ने विकास की रफ्तार को ही रोक दिया है। किसान बेहाल हैं, फसल की सही कीमत नहीं मिल रही, बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार केवल विज्ञापनों में विकास दिखा रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में आम जनता, किसान और पंचायतें आज अपने ही हक के लिए भटक रही हैं। सुशासन के नाम पर सिर्फ़ “भ्रम और बहाने” परोसे जा रहे हैं।

विधायक नंद ने यह भी कहा कि “किसानों को मुफ्त बिजली देने का वादा करने वाली सरकार अब हर महीने बिजली के नाम पर जेब काट रही है। किसानों को खाद बीज की आपूर्ति नहीं कर पा रही है और ऊपर से बिजली बिल दोगुना कर दिया गया है। ये कैसा न्याय है?”

उन्होंने कहा कि “सरकार पंचायतों की राशि रोककर लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार कर रही है। सरपंच संघ सरायपाली ने मुझसे मुलाकात कर यह दर्द साझा किया है, और मैं यह आवाज़ विधानसभा से लेकर सड़क तक बुलंद करूंगा।”

विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा ग्राम पंचायतों, किसानों और आम जनता की आवाज़ रही है। अगर सरकार ने जल्द ही लंबित राशि जारी नहीं की तो हम आंदोलन करने के लिए बाध्य रहेंगे।

विदित हो कि विगत दिनों सरपंच संघ सरायपाली द्वारा भी उच्चाधिकारियों को अपनी इस पीड़ा से अवगत कराते हुए जल्द राशि भुगतान करने की मांग की थी। इस दौरान जनपद पंचायत में खूब नारेबाजी की गई।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!