
।
सूरजपुर/ सावन के पावन महीने की उमंग, पारंपरिक सौंदर्य और लोक संस्कृति को समर्पित ‘‘सावन श्रृंगार मेले‘‘ का भव्य आयोजन पहली बार रामानुजनगर स्थित होटल अन्नपूर्णा में संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में श्रीमती नूतन सिंह तथा इसे अंतिम रूप देने में श्रीमती प्रतिमा द्विवेदी की सराहनीय भूमिका रही। मेले में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और पारंपरिक वेशभूषा एवं साज-श्रृंगार के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान सावन सुंदरी, मेहंदी सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपने हुनर से सभी का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ग्राम पंचायत नारायणपुर की श्रीमती सोनम साहू को सावन क्वीन के खिताब से नवाजा गया, जबकि रामानुजनगर की श्रीमती आरती साहू फर्स्ट रनर अप तथा सूरजपुर की श्रीमती चांदनी सेकंड रनर अप रहीं।
सावन क्वीन का खिताब जीतने के बाद श्रीमती सोनम साहू ने आयोजन को सार्थक बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने हमारी संस्कृति के अनुपम रंगों को एक मंच पर पिरोने का काम किया है और सभी महिलाओं ने सावन की पारंपरिक वेशभूषा तथा श्रृंगार के साथ पूरे आत्मविश्वास से बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेले के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सावन गीतों, नृत्य, मेहंदी और रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई, जिससे पूरे परिसर में दिनभर उल्लास और उत्सव का वातावरण बना रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ सावन की खुशियां साझा करते हुए आपसी मेल-जोल को बढ़ावा दिया, जिसे सामाजिक एकजुटता की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के प्रदर्शन का मंच उपलब्ध कराना तथा समृद्ध लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। रामानुजनगर में पहली बार हुए इस अनूठे आयोजन को क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में सराहनीय कदम बताया जा रहा है।



