

रसोइयों का मानदेय बढ़कर 3000 रुपये हुआ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा, विधायक ने बताया सौगात
वंदे भारत/ नूर पत्रकार
कुंदरकी में रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग ने रसोइया सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में रसोइयों को सम्मानित किया और उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए
इसी दौरान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से रसोइयों को संबोधित किया। उन्होंने रसोइयों का मासिक मानदेय बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने की घोषणा की। इस घोषणा का कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के हित में लगातार निर्णय ले रही है। उन्होंने मानदेय वृद्धि को सरकार की महिला केंद्रित नीतियों का परिणाम बताया।
विधायक ने याद दिलाया कि उन्होंने पिछले वर्ष दीपावली पर रसोइयों से मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रसोइयों की मांग पूरी कर यह दर्शाया है कि सरकार उनके सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए गंभीर है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने रसोइयों को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराए हैं। यह सुविधा आयुष्मान योजना के तहत दी जा रही है, जिससे रसोइयों और उनके परिवारों को इलाज में वित्तीय कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। विधायक ने भविष्य में भी रसोइयों के हित में अन्य योजनाएं संचालित करने की बात कही।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गुलाम जिलानी, रामकिशोर लोधी, संजय कश्यप, ग्राम प्रधान अब्दुल मलिक खान, दिलशाद हुसैन, सभासद इरशाद पठान, बबलू जाटव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे




