
हवन की तैयारी के दौरान हादसा हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आया किशोर, हालत नाजुक
फिरोज़ाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के भीमनगर निवासी 16 वर्षीय किशोर ईशु के साथ मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार ईशु पचवान गांव (थाना नारखी क्षेत्र) में हवन के लिए लकड़ी तोड़ने गया था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
करंट लगते ही ईशु जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे उठाकर तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर, फिरोज़ाबाद पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू कर दिया है, लेकिन उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में कई जगहों पर हाई-टेंशन तार खतरनाक रूप से नीचे झूल रहे हैं, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।







