
गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर माधवपुर गांव में नाली को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार शाम एक दर्दनाक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।


घटना में गंभीर रूप से घायल अनीता देवी (पत्नी स्व. सतनारायण राम) को पहले बाराचवर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने अनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया।
मृतका के पुत्र मुनिदेव कुमार सरोज ने करीमुद्दीनपुर थाने में दी गई तहरीर में गांव के रामायण पासी सहित चार लोगों पर लोहे की रॉड, ईंट-पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया है। इस हमले में अनीता देवी के साथ दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने रामायण पासी समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि “चार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच तेज कर दी गई है।”
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस ने स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।






