A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

ऑपरेशन ‘कालनेमि’ में हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी, यूट्यूब के जरिए तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,18/07/02026। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए यूट्यूब के माध्यम से तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में थाना श्यामपुर पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी गई ₹4.60 लाख की रकम में से ₹4.55 लाख नकद, घटना में प्रयुक्त लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल की गई सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास मन्नत ढाबे के निकट एक महिला और दो पुरुष पूजा-पाठ के नाम पर हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार से ₹4.60 लाख लेकर फरार हो गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी “AGHORA” नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते थे, जहां तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत और चमत्कार से जुड़े वीडियो डालकर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद पारिवारिक समस्याओं और ऊपरी बाधा दूर करने के नाम पर लोगों को बुलाकर उनसे लाखों रुपये ठगते थे।
पीड़ित को भी विशेष पूजा कराने के बहाने चंडी देवी मंदिर बुलाया गया। आरोपियों ने पूजा की प्रक्रिया के दौरान नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवाया और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल जांच के साथ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अंधविश्वास का शिकार बनाकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर नकदी व आभूषण ठगते थे। पुलिस को अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित (जनपद बिजनौर, हाल निवासी देहरादून), मोन्टी जोशी (देहरादून) तथा एक महिला (पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी देहरादून) शामिल हैं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!