
IGRS शिकायतों पर राजस्व और पुलिस टीम ने जेसीबी चलाकर दो स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया।
सिद्धार्थनगर डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को प्रशासन ने IGRS शिकायतों के आधार पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

ग्राम महुआ बुजुर्ग में गाटा संख्या 263 की हरिजन आबादी के लिए सुरक्षित भूमि पर हुए अस्थायी अवैध अतिक्रमण को राजस्व एवं पुलिस टीम ने जेसीबी की सहायता से हटवा दिया। यह कार्रवाई ग्राम महुआ बुजुर्ग निवासी श्री छविलाल पुत्र बेचई द्वारा IGRS पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के क्रम में की गई।

इसी प्रकार ग्राम भीटा नानकार स्थित कब्रिस्तान की भूमि (गाटा संख्या 208) पर निजामुद्दीन पुत्र नियाज़ अहमद द्वारा किए गए अस्थायी अवैध कब्जे को भी हटाया गया। यह कार्रवाई ग्राम भीटा नानकार निवासी श्री मोहब्बत अली पुत्र सुबराती द्वारा IGRS पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक अजय बख्शी के नेतृत्व में लेखपाल प्रभाकांत मौर्य, दानिश, रोहित, राम कुमार तिवारी सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना त्रिलोकपुर की पुलिस टीम भी मौके पर तैनात रही।
प्रशासन ने दोनों स्थानों से अतिक्रमण को जेसीबी के माध्यम से बलपूर्वक हटवाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया।





