
मनासा। क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नव नियुक्त जिला पदाधिकारियों का विधायक कार्यालय, मनासा में आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक मारू ने सभी पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए संगठन की मजबूती एवं किसानों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सम्मानित किए गए पदाधिकारियों में प्रेम कुशवाह (महामंत्री, मनासा), हीरालाल धनगर (उपाध्यक्ष, सिंघाड़ा पिपलिया), संग्राम सिंह (मन की बात प्रभारी, हाड़ी पिपलिया), राजेश पाटीदार (मंत्री, बरलाई), निर्भयराम राठौर (उपाध्यक्ष, नलखेड़ा), नवीन जागोलिया (सोशल मीडिया प्रभारी, कुकड़ेश्वर) एवं सूरजकरण गुर्जर (शासन की योजना प्रचार प्रमुख, रामपुरा) शामिल रहे। इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनसेवा की भावना से मजबूत हुआ है!किसान मोर्चा किसानों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नव नियुक्त पदाधिकारी संगठन की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। विधायक मारू ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।





