
28/11/2025

शिवम कुमार का राष्ट्रीय चयन : नॉर्दर्न हिमालयन एक्सपीडिशन 2025 में करेंगे कैमूर का प्रतिनिधित्व
भभुआ/कैमूर।
जिले के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया, जब जीइजी ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा जारी आधिकारिक चयन पत्र में भभुआ निवासी युवा शिवम कुमार को नॉर्दर्न हिमालयन एक्सपीडिशन 2025 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिनिधियों की सूची में स्थान दिया गया। देश भर से चुने गए चुनिंदा युवाओं में शामिल होकर शिवम ने न केवल कैमूर बल्कि पूरे बिहार का मान बढ़ाया है।
यह प्रतिष्ठित अभियान 5 दिसंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, जो हिमाचल प्रदेश स्थित पटालसू पीक (4,220 मीटर) की कठिन और प्रेरणादायक चढ़ाई पर आधारित है। यह पूरा अभियान जीइजी चेंजमेकर्स वीक (30 नवंबर–6 दिसंबर) के अंतर्गत संचालित होगा, जिसका उद्देश्य युवा नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समावेशन और वॉलंटियरिज़्म को मज़बूत करना है।
राष्ट्रीय अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका
शिवम कुमार को इस एक्सपीडिशन में रीजनल यूथ रिप्रेज़ेंटेटिव ऑफ द नॉर्थर्न हिमालयास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त राष्ट्र के 17 सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) का प्रतिनिधित्व करते हुए वे देश के चुनिंदा प्रतिभागियों के साथ इस राष्ट्रीय मिशन का हिस्सा बनेंगे।
अभियान के दौरान शिवम की प्रमुख जिम्मेदारियाँ
मस्क हिरण संरक्षण, हिमालयी वन्यजीव सुरक्षा एवं जैव विविधता संरक्षण का संदेश राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाना।
पर्वतीय एवं दूरस्थ समुदायों के बीच जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और सशक्तिकरण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाना।
पर्यावरण, स्थिरता एवं सामाजिक समावेश जैसे विषयों पर युवा आवाज़ को मजबूत और प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना।
जिम्मेदार अन्वेषण, प्रकृति संरक्षण और नेतृत्व मूल्यों का प्रसार करना।
यह अभियान प्रतिभागियों की मानसिक दृढ़ता, सहनशक्ति, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता को भी परखेगा, क्योंकि 4,220 मीटर की ऊँचाई पर ट्रैक करना स्वयं में एक चुनौतीपूर्ण अनुभव है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
शिवम कुमार के चयन पर जिलेभर में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा,
“शिवम जैसे ऊर्जावान युवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी ही देश को सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और युवा नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाती है।”
शिवम कुमार का वक्तव्य
चयन पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए शिवम ने कहा—
“यह केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का क्षण है। मैं इस अभियान को समाज और देश के लिए प्रेरक संदेश के रूप में प्रस्तुत करने के लिए संकल्पित हूँ, ताकि अधिक से अधिक युवा पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के लिए आगे आएं।”
शिवम का यह चयन युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देता है कि सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)








