

सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग में नेशनल टास्क फोर्स के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों में बढ़ती आत्महत्या की रोकथाम विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्र एवं छात्रा इकाई तथा रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वाधान में उमंग हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम एवं नेशनल टास्क फोर्स कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हुआ। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके की गई। सर्वप्रथम कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रश्मि यादव ने उमंग हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम, नेशनल टास्क फोर्स तथा विश्व एड्स दिवस जागरूकता कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. अश्विनी सूर्यवंशी, सहायक प्राध्यापक ने कहा कि आत्महत्या लंबे समय से समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय रही है और हाल के वर्षों में आत्महत्या की प्रवृत्ति में वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी आयु, लिंग, जाति, धर्म, वर्ग या राष्ट्रीयता का व्यक्ति आत्महत्या का प्रयास कर सकता है। भारत में दहेज, यौन शोषण जैसे कारणों से महिलाओं द्वारा तथा आर्थिक तंगी आदि के कारण किसानों द्वारा आत्महत्या के मामले देखे जाते हैं। विशेष रूप से छात्र आत्महत्या के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत में 13 से 25 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों में आत्महत्या की घटनाएँ चिंताजनक रूप से बढ़ी हैं। इसमें वे छात्र भी शामिल हैं जो संस्थानों में अध्ययनरत नहीं हैं, लेकिन प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों में आत्महत्या बढ़ने के प्रमुख मानसिक एवं सामाजिक कारणों पर विस्तार से चर्चा की एवं एड्स से संबंधित जानकारियाँ भी दीं। सत्र के दौरान विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर दिया गया और उनकी समस्याओं पर सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. ए.सी. जैन ने भी विद्यार्थियों में बढ़ती आत्महत्या तथा एड्स जैसे गंभीर विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अजय सिंह ठाकुर द्वारा की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठन से आर.सी. प्रजापति ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। एड्स विषय पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविका श्रद्धा राजपूत ने किया तथा आभार राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रश्मि यादव ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीलेश राय, उमंग नोडल अधिकारी जितेंद्र राजपूत, डॉ. सुनील विश्वकर्मा, डॉ. कमलेश दुबे, डॉ. सत्या सोनी, डॉ. तल्लुम खान सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।




