
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। बकाया रकम के विवाद में व्यापारी की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार।।
बस्ती जनपद के थाना वाल्टरगंज क्षेत्र में गल्ला व्यापारी नीरज सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह हत्या बकाया पैसे की अदायगी से बचने के लिए की गई थी।
बस्ती, 24 दिसंबर 2025।
बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में 10 दिसंबर को गल्ला व्यापारी नीरज सिंह की हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में इस हत्याकांड की साजिश का पर्दाफाश किया गया।
पुलिस के अनुसार नीरज सिंह की हत्या को पहले सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर मामला हत्या का पाया गया। जांच के दौरान लालजी चौधरी और संजय सिंह की भूमिका सामने आई, जिसके बाद दोनों को 24 दिसंबर की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी लालजी चौधरी ने बताया कि नीरज सिंह उसके परिचित थे और गांव-गांव घूमकर किसानों से गल्ला खरीदकर उसे बेचते थे। इस वर्ष नीरज सिंह ने करीब 18 लाख 20 हजार रुपये का धान लालजी को बेचा था, जिसमें से लगभग नौ लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था, जबकि करीब नौ लाख बीस हजार रुपये बकाया रह गए थे। बकाया रकम को लेकर नीरज सिंह लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे परेशान होकर लालजी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
10 दिसंबर को नीरज सिंह को रुपये देने के बहाने कार में बैठाया गया और उसके साथ संजय सिंह को भी लिया गया। रास्ते में नीरज को शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट कर उसे अचेत कर दिया गया। इसके बाद उसकी मोटरसाइकिल को सड़क किनारे पुलिया के पास गिराकर उसका शव वहीं छोड़ दिया गया ताकि यह दुर्घटना लगे। आरोपियों ने घटना को पुख्ता करने के लिए कार का पिछला पहिया उसके शरीर पर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की योजना वारदात के बाद फरार होने की थी, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।










