

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियों में संशोधन किया गया है।
इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा नो मैपिंग के अंतर्गत कुल 89,549 मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इन सभी चिन्हित मतदाताओं को 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस भेजे जाएंगे। इसी अवधि में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सुनवाई की कार्यवाही पूरी की जाएगी।
ड्राफ्ट मतदाता सूची 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा। विशेष पुनरीक्षण के दौरान नये मतदाताओं के लिए प्रारूप 6, नाम विलोपन हेतु प्रारूप 7 तथा संशोधन, पता परिवर्तन व डुप्लीकेट कार्ड के लिए प्रारूप 8 निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक नागरिक 06 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
पुनरीक्षण कार्यक्रम में वे सभी नागरिक पात्र होंगे, जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों या करने वाले हों। इसके अतिरिक्त 01 अप्रैल, 01 जुलाई व 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और आवश्यकता अनुसार संशोधन कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें। मतदाता अपना विवरण देख सकते हैं अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।










