
श्री बंशीधर नगर। नगर पंचायत बंशीधर नगर अध्यक्ष पद के लिए समाजसेवी राजू सिंह की पत्नी सुधा देवी ने गुरुवार को अनुमंडलीय कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों पर दर्शन–पूजन कर आशीर्वाद लिया।
नामांकन कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
तत्पश्चात समर्थकों के साथ भव्य रोड शो करते हुए वे डाक बंगला चौक पहुंचीं, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय गिरवर पांडे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।रोड शो आगे बढ़ते हुए हनुमान मंदिर चौक पहुंचा, जहां लोकनायक कर्पूरी ठाकुर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने सामाजिक समरसता और समानता के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। पूरे मार्ग में समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था, नारेबाजी और पुष्पवर्षा से माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी सुधा सिंह ने कहा कि वे नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरी हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता का समर्थन मिला तो नगर क्षेत्र में अब तक का सर्वाधिक विकास कार्य कराया जाएगा।उन्होंने अपने एजेंडे को स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र की कच्ची सड़कों को पक्की सड़क में तब्दील करना, नालियों का निर्माण, नियमित साफ-सफाई व्यवस्था, जल-जमाव की समस्या का समाधान तथा भ्रष्टाचार पर सख्त अंकुश उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर विकास कार्यों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा है।सुधा सिंह ने कहा कि जनता ने अगर मौका दिया तो पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के साथ नगर पंचायत को विकास की नई दिशा दी जाएगी। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।










