कोरियाछत्तीसगढ़

*लापरवाही की सवारी: पिकअप वाहन में जान जोखिम में डालकर ढोए जा रहे बाराती और मासूम बच्चे*।

 

कोरिया- जिले के सोनहत में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मालवाहक वाहनों में सवारियों को ढोने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सामने आया है जहाँ एक पिकअप वाहन (CG16 A-2631) में बारातियों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस जानलेवा सफर में न केवल बड़े, बल्कि छोटे-छोटे मासूम बच्चों को भी असुरक्षित तरीके से बैठाया गया है।

हादसे को खुला निमंत्रण

तस्वीर में साफ़ देखा जा सकता है कि वाहन के पीछे के हिस्से में बच्चे और पुरुष खतरनाक तरीके से बैठे हुए हैं। पिकअप जैसे खुले वाहनों में अचानक ब्रेक लगने या मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने की स्थिति में गंभीर चोट लगने या जान जाने का खतरा बना रहता है। शासन और प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद, लोग चंद रुपयों की बचत या सुविधा के नाम पर अपनी और अपने बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।

 

नियमों की अनदेखी

परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, मालवाहक वाहनों का उपयोग यात्रियों को ढोने के लिए करना दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद सड़कों पर खुलेआम ऐसे वाहन दौड़ रहे हैं, जो पुलिस की गश्त और चेकिंग पर भी सवालिया निशान खड़े करते हैं।

 

*जिम्मेदार कौन?*

 वाहन मालिक और चालक जो चंद मुनाफे के लिए सुरक्षा मानकों को ताक पर रख देते हैं। बाराती जो जानकारी होने के बावजूद ऐसे असुरक्षित सफर का हिस्सा बनते हैं।

प्रशासन की ढिलाई

प्रशासन के ढीलाई के कारण ऐसे दृश्य आम हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते इन पर लगाम नहीं कसी गई, तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।

Back to top button
error: Content is protected !!