
चित्रसेन घृतलहरे, vandebharatlivetvnews//सरसींवा में महाविद्यालय स्थापना की वर्षों पुरानी माँग एक बार फिर जोर पकड़ती दिखाई दी, जब सारंगढ़–बिलाईगढ़ NSUI द्वारा आज छात्र अधिकार पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा सरसींवा से सारंगढ़ तक लगभग 16 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस पदयात्रा का सबसे उल्लेखनीय पहलू यह रहा कि क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक स्वयं पूरे 16 किमी छात्रों के साथ पदयात्रा में शामिल रहीं। तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद उनका कदम-कदम पर साथ रहना छात्रों के लिए प्रेरणादायी क्षण रहा और इसने यह स्पष्ट संदेश दिया कि वे शिक्षा और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध हैं।
विदित हो कि सरसींवा क्षेत्र के युवा लंबे समय से कॉलेज का इंतजार कर रहे हैं। कॉलेज न होने के कारण उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बिलाईगढ़, भटगाँव, सारंगढ़, रायगढ़, सराईपाली जैसे दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ, सुरक्षा संबंधी चिंताएँ और सामाजिक कठिनाइयाँ बढ़ जाती हैं। यह स्थिति खासतौर पर ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए अत्यधिक चुनौतीपूर्ण है।
पदयात्रा के दौरान विधायक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा—
“सरसींवा में कॉलेज की स्थापना केवल छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की माँग है। इस विषय को मैं शासन और उच्च शिक्षा विभाग के समक्ष पूरी मजबूती से रखूंगी, और कॉलेज स्वीकृत होने तक यह आवाज़ जारी रहेगी।”
छात्रों ने भी स्पष्ट किया कि उनका यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा के अधिकार और क्षेत्र के विकास के लिए है।
सारंगढ़ पहुँचकर पदयात्रा का समापन किया गया, जहाँ छात्रों ने ऐलान किया कि माँग पूरी होने तक पदयात्राएँ, आंदोलन और जनसमर्थन अभियान लगातार जारी रहेंगे।
सरसींवा में कॉलेज की माँग अब और भी मजबूत हो चुकी है, और क्षेत्र के युवाओं को उम्मीद है कि निरंतर संघर्ष जल्द ही सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा।











