
*धनबाद :* धनबाद जिले के पुटकी थाना अंतर्गत BCCL की बी टाइप कॉलोनी के गैराज में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई. आग लगने से एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
बताया जा रहा है कि कार कॉलोनी स्थित एक घर के गैराज में खड़ी थी. अचानक कार से धुंआ और आग की लपटें निकलने लगी. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही. घटना की सूचना मिलने के बाद पुटकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.
*बीसीसीएल में काम करते हैं कार मालिक*
कार मालिक बीसीसीएल कर्मी मुनेश्वर प्रसाद ने बताया कि वे घर के अंदर थे. इसी दौरान बाहर से शोर सुनाई दिया. जब वे बाहर आए तो देखा कि गैराज में खड़ी उनकी कार धूं-धूं कर जल रही थी. उन्होंने बताया कि जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग पूरी तरह कार को अपनी चपेट में ले चुकी थी. फिलहाल पुटकी थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
पुलिस घटना को लेकर इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है या किसी अन्य वजह है. वहीं मामले को लेकर पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने कहा कि कार में आग लगने की घटना घटी थी. अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.









