
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली स्थित राजा बरियार शाह खेल मैदान में आगामी 1 मार्च को संत रविदास, गाडगे बाबा एवं बाबू जगदेव कुशवाहा की जयंती धूमधाम से मनाए जाने को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजन चौधरी ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की व्यापक सहभागिता रही।
बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न प्रस्ताव पारित करते हुए निर्णय लिया गया कि जयंती समारोह का शुभारंभ प्रातः 11 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य एवं प्रेरणादायी बनाने हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। आयोजकों ने बताया कि समारोह में संतों के जीवन और विचारों पर आधारित भजन-कीर्तन, प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के डायरेक्टर अजय कुमार रजक की उपस्थिति रहेगी। विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त जिला जज राजन चौधरी, पूर्व एमएलसी शिवबोध राम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हीरालाल सायन, पूर्व जिला अध्यक्ष बसपा रामविचार गौतम तथा जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम शामिल होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में तेज प्रताप मौर्य प्रेरक उद्बोधन देंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख दुद्धी श्रीमती रंजना चौधरी करेंगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास, गाडगे बाबा एवं बाबू जगदेव कुशवाहा के विचार आज भी सामाजिक समानता, भाईचारे और न्याय की राह दिखाते हैं। इन महान विभूतियों की जयंती मनाने का उद्देश्य समाज में समरसता, दलित उत्थान एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
अध्यक्ष राजन चौधरी ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्रीय एकता को सुदृढ़ करेगा तथा युवाओं को संतों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा। बैठक का कुशल संचालन कुंदन कन्नौजिया ने किया।
इस अवसर पर अवधेश कनौजिया, नीरज कनौजिया, अरविंद जायसवाल (ग्राम प्रधान महुली), सेकरार अहमद, वीरेंद्र कनौजिया, अमित कुमार, विवेक कुमार, बुद्धनाथ कनौजिया, मनोज कुमार भारती, प्रदीप कुमार कन्नौजिया, राजकपूर कन्नौजिया, सुभाष भारती, नंदलाल गुप्ता, अमरेश कुमार कन्नौजिया, कामता प्रसाद बोधराम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर संतों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।










