बलिया-बैरिया।आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत वातावरण में जयप्रकाश नगर के दलजीत टोला स्थित नवनिर्मित मंदिर परिसर में हनुमान जी की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। हजारों श्रद्धालु पुरूष व महिलाओं की सहभागिता ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। गाजे-बाजे, बैंड की मंगलध्वनि तथा हाथी-घोड़ों की अगुवाई में निकली यह दिव्य कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर जयप्रकाश नगर के टीपुरी गंगा घाट पहुँची। वहाँ वैदिक परंपराओं के अनुसार पवित्र जल से कलशों को भरा गया। जलभरी की यह पावन प्रक्रिया श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम बन गई। इसके पश्चात श्रद्धालु महिलाओं ने भक्ति गीतों के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से स्पंदित हो उठा। मंदिर परिसर में पुनः आगमन के उपरांत निर्धारित स्थान पर विधिवत कलश स्थापना की गई। विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच देवी-देवताओं की प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा की पवित्र अनुष्ठान प्रक्रिया आरंभ हुई। मंत्रों की गूंज, शंखध्वनि और जयघोष से वातावरण दिव्यता से भर गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष राम बाबू यादव के अनुसार 28 फरवरी को वेदिपुजन 01 मार्च को जलाधिवास 02 मार्च को नगर भ्रमण 03 मार्च को प्राण प्रतिष्ठा व 24 घंटे का अखंड अष्टयाम प्रारम्भ होगा जो निरंतर भक्ति साधना का केन्द्र बना रहेगा। 06 मार्च को वृहद भंडारे का आयोजन किया गया है।राम बाबू यादव ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का भी संदेश देता है। जे पी की धरती पर उमड़ी यह श्रद्धा की धारा क्षेत्रवासियों के लिए आध्यात्मिक नवजागरण का प्रेरक अवसर बन गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सूर्यभान सिंह नंद जी यादव रामबली यादव अरुण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग सक्रिय दिखे।