
विंढमगंज, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ 
सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घघरी गांव निवासी लक्ष्मी देवी (पत्नी उमेश प्रसाद यादव) अपने पुत्र निकेश यादव के साथ निजी दोपहिया वाहन से विंढमगंज रेलवे स्टेशन जा रही थीं, जहां से उन्हें बरवाडीह के लिए पैसेन्जर ट्रेन पकड़नी थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनके जीवन का अंतिम सफर साबित होगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही उनका वाहन भारती इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया। झटके के साथ वाहन अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। गिरते ही लक्ष्मी देवी सड़क पर जा गिरीं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की घोषणा सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल परिसर में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी। पुलिस द्वारा आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने सड़क की जर्जर स्थिति को हादसे का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का असहनीय दुख न झेलना पड़े।











