

जनभागीदारी–सबसे दूर सबसे पहले” अभियान के तहत कैमूर के कई पंचायतों में शिविर आयोजित
जनसुनवाई, स्वास्थ्य जांच एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों की समस्याओं का किया गया समाधान
विस्तृत पेपर न्यूज
कैमूर। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी विशेष अभियान “जनभागीदारी–सबसे दूर सबसे पहले” के तहत शनिवार को कैमूर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में जनभागीदारी शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
अभियान के अंतर्गत प्रखंड अधौरा के डुमरावा पंचायत, प्रखंड चाँद के पाढ़ी पंचायत, प्रखंड भगवानपुर के टोड़ी एवं जैतपुर कला पंचायत तथा प्रखंड रामपुर के बेलांव पंचायत में शिविर लगाए गए। कार्यक्रम में जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ पंचायत कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए जनसुनवाई का आयोजन कर आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
अधौरा प्रखंड के डुमरावा पंचायत में कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए। यहां आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों के बीच चश्मा एवं दवाओं का वितरण किया गया।
वहीं चाँद प्रखंड के पाढ़ी पंचायत में 06 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 03 मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया।
भगवानपुर प्रखंड के टोड़ी एवं जैतपुर कला पंचायतों में आयोजित शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यहां कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 09 मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया।
इसी प्रकार रामपुर प्रखंड के बेलांव पंचायत में आयोजित शिविर में 06 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य शिविर के तहत 12 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें चश्मा एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज एवं जनजातीय क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, आम जनता की सहभागिता बढ़ाना तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)








