
महिलाओं की सुरक्षा पर प्रशासन का जोर
दरभंगा, 11 जून 2026। जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला सशक्तिकरण केंद्र, सखी निवास, वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, पालना घर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सामाजिक पुनर्वास कोष योजना और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम कानून के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर चर्चा की। बेनीपुर में अतिरिक्त सहायता केंद्र की स्थापना, सखी निवास संचालन और शक्ति सदन की तैयारियों की जानकारी ली गई। पालना घरों में सुविधाएं बढ़ाने तथा संस्थानों में शिकायत समितियों की स्थिति की समीक्षा हुई। जिला प्रशासन ने योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।











