
सफलता की कहानी’
प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना से राजेश बने आत्मनिर्भर, बदली परिवार की तस्वीर’
पाली, 15 जून। प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना ने छोटे स्ट्रीट वेंडर्स एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। पाली निवासी 52 वर्षीय राजेश पुत्र भीकाराम इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि जनता कॉलोनी निवासी राजेश को वर्ष 2024 में योजना के तहत 10,000 रुपये का प्रथम ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने नैपकिन एवं टिश्यू पेपर का छोटा व्यवसाय शुरू किया। अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी के बल पर उन्होंने समय पर ऋण का भुगतान कर दिया और अपने व्यवसाय को निरंतर आगे बढ़ाया।
राजेश की मेहनत को देखते हुए उन्हें अब 25,000 रुपये का द्वितीय ऋण भी प्राप्त हुआ है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर पाली शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार को बढ़ा रहे हैं।
इस व्यवसाय से राजेश आज लगभग 15,000 रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने अपनी आय से अपनी एक पुत्री की ए.एन.एम. की पढ़ाई पूरी करवाई तथा दूसरी पुत्री की शिक्षा 12वीं कक्षा तक सुनिश्चित की। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है।
राजेश का कहना है कि प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है, बल्कि आत्मविश्वास और समाज में एक नई पहचान भी दिलाई है।
राजेश की यह कहानी दर्शाती है कि यदि सही अवसर और मार्गदर्शन मिले, तो कोई भी व्यक्ति आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकता है।














