
डुमरियागंजः नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों छुट्टा पशुओं का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बाजार और मुख्य सड़कों पर झुंड के रूप में घूम रहे पशु राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। वहीं, इन्हें भगाने पर ये आसपास के खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान चिंतित हैं।


रविवार देर शाम हुई बारिश के बीच स्थिति और भी गंभीर हो गई। फिसलन भरी सड़कों पर छुट्टा पशुओं की मौजूदगी से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी राप्ती तट स्थित कान्हा गोशाला का उद्देश्य निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय देना था, लेकिन इसके बावजूद पशु खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं।
स्थानीय निवासी प्रमोद पाण्डेय, सरस श्रीवास्तव, पवन यादव, सोनू, सूरज और विवेक सहित कई लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि छुट्टा पशुओं को तत्काल पकड़कर गोशाला भेजा जाए, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सचिन कुमार पटेल ने बताया कि जल्द ही विशेष अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को पकड़कर कान्हा गोशाला में भेजा जाएगा।








