थाईलैंड में भारत का परचम लहराने रवाना हुए सोनभद्र के लाल रवि सिंह
डीएम, एसपी, सीडीओ, डीपीआरओ सहित हिण्डालको प्रबंधन ने दी शुभकामनाएँ, 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जनपद सोनभद्र के लिए गर्व का क्षण है कि रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह बुधवार को थाईलैंड के पटाया शहर के लिए रवाना हो गए। वह 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में पुरुष वर्ग अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्व के लगभग 30 देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
रवि सिंह (पुत्र स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह) लंबे समय से ताईक्वानडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने यूरोप के रोमानिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया था। वहीं नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताईक्वानडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारतीय तिरंगे को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनकी लगातार उपलब्धियों ने उन्हें देश के उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा कर दिया है।
थाईलैंड रवाना होने से पहले रवि सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलने का अवसर हर खिलाड़ी का सपना होता है और वह पूरी मेहनत, लगन तथा समर्पण के साथ खेलते हुए भारत, उत्तर प्रदेश और अपने गृह जनपद सोनभद्र का नाम विश्व पटल पर रोशन करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु, माता-पिता एवं परिवारजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, संस्कार और आशीर्वाद ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। रवि सिंह ने कहा कि वह देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और पदक जीतकर भारत लौटना ही उनका लक्ष्य है।
रवि सिंह की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नमिता शरण ने उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेंगे।
वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा सहित बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने भी रवि सिंह को शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य और प्रतियोगिता में शानदार सफलता की कामना की।
रवि सिंह के थाईलैंड रवाना होने की खबर से रेणुकूट सहित पूरे सोनभद्र जनपद में खुशी और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया है कि वह एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से भारत के लिए पदक जीतकर देश, प्रदेश और सोनभद्र का गौरव बढ़ाएँगे। अब पूरे जिले की निगाहें थाईलैंड में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहाँ सभी को रवि सिंह से स्वर्णिम सफलता की उम्मीद है।
















