
सागर वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का पुलिस लाइन सागर में गरिमामय वातावरण में समापन समारोह आयोजित किया गया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चले इस 15 दिवसीय अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के दौरान जिले के सभी 35 थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन विविध जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, खेल परिसरों, औद्योगिक इकाइयों, धार्मिक स्थलों, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, खेल विभाग तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, शपथ ग्रहण, रैलियाँ, खेल गतिविधियाँ, वृक्षारोपण, जागरूकता संगोष्ठियाँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क किया गया। अभियान में जिलेभर के नागरिकों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
15 दिवसीय अभियान के प्रमुख आँकड़े: कुल आयोजित कार्यक्रम – 639, कुल सहभागिता – 4,36,655 नागरिक, विद्यार्थी एवं प्रतिभागी, सागर पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से अभियान का संदेश 40 लाख से अधिक लोगों तक सफलतापूर्वक पहुँचाया गया, जिससे नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता का वातावरण निर्मित हुआ। समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, नगर पुलिस अधीक्षक सागर ललित कश्यप, एसडीओपी बंडा प्रदीप वाल्मीकि, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिला खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर, जिले के लगभग 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। इस अवसर पर के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रेरणादायी लघु फिल्म एवं रचनात्मक वीडियो तैयार कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। साथ ही अभियान को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। सागर पुलिस भविष्य में भी जनसहभागिता आधारित ऐसे जागरूकता अभियानों का निरंतर आयोजन करती रहेगी। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान ने सागर जिले में जनजागरूकता की एक नई मिसाल स्थापित करते हुए समाज के सभी वर्गों को नशामुक्ति के संकल्प से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा पुलिस, प्रशासन और समाज की सहभागिता से नशामुक्त सागर के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की।






