सिद्धार्थनगरः नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
पेड़ से टकराकर पलटा ट्रक, ग्रामीणों ने बचाई चालक की जान
सिद्धार्थनगर के भवानीगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब नींद आने से एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसा धनखरपुर गांव के पास हुआ।



बताया जा रहा है कि ट्रक उतरौला से बेवा की ओर जा रही थी। अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद चालक काफी देर तक ट्रक के केबिन में फंसा रहा और मदद की गुहार लगाता रहा।
चीख-पुकार सुनकर बसडिलिया निवासी माबूद फारुकी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को केवल हल्की-फुल्की चोटें आईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की तत्परता और बहादुरी की बदौलत ट्रक चालक की जान बच गई।






