बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली की आवाजाही से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज और उस्का बाजार क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली की आवाजाही से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि तय शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही, जिससे दिन और रात दोनों समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

डुमरियागंज नगर के बैदौला, रीवा, तिलगड़िया, खानतारा सहित कई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। रविवार रात करीब 10 बजे से शुरू हुई कटौती का सिलसिला पूरी रात चलता रहा। बार-बार बिजली आने-जाने से लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार आधे-आधे घंटे पर बिजली कटती है, जबकि कई बार दो से तीन घंटे तक आपूर्ति पूरी तरह ठप रहती है। लोगों ने मांग की है कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तय शेड्यूल के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
गौरव सोनी ने कहा कि इस भीषण गर्मी में मुश्किल से 10 से 12 घंटे बिजली मिल रही है। वहीं एबी मलिक का कहना है कि विभाग के बेहतर बिजली आपूर्ति के दावे पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं और अधिकारियों को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
उधर, उस्का बाजार विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में लंबे समय तक बिजली गुल रहती है और दिन में भी लगातार कटौती की जाती है। सुगही निवासी सचिन चौरसिया ने बताया कि रविवार रात 11 बजे के बाद बिजली बहाल हुई, जबकि दिनभर भी अनियमित कटौती जारी रही।








