सिद्धार्थनगर में सैनिक बंधु बैठक सम्पन्न
पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
सिद्धार्थनगर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर


से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “सैनिक बंधु” बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने की। बैठक में सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके परिजनों की भूमि विवाद, पुलिस सहायता, बैंक ऋण, पेंशन, चिकित्सा, आर्थिक सहायता और नए शस्त्र लाइसेंस से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।


इस दौरान कई पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। भूमि पैमाइश, पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा हटाने तथा सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने के मामलों में संबंधित एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं रोजगार के लिए नए गन लाइसेंस की मांग करने वाले एक पूर्व सैनिक को नियमानुसार लाइसेंस दिलाने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में प्रशासन, पुलिस, सैनिक कल्याण विभाग और स्टेशन मुख्यालय गोरखपुर के प्रतिनिधियों सहित 13 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।








