मीट के अवशेष फेंकने के मामले में 10 दुकानदारों को नोटिस..
सड़क जाम के अगले दिन नगर पंचायत प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन के अगले ही दिन नगर पंचायत प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

बूचड़मंडी के बाहर सड़क किनारे दुकान लगाने और मांस के अवशेष खुले में फेंकने के मामले में 10 मीट कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया है।
नगर पंचायत शोहरतगढ़ के शिवनगर वार्ड स्थित बूचड़मंडी में फैली गंदगी और मांस के अवशेषों को लेकर स्थानीय लोगों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया। अधिशासी अधिकारी शिवकुमार ने 10 मीट कारोबारियों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी है।
ईओ ने स्पष्ट किया है कि सभी दुकानदार केवल आवंटित बूचड़मंडी परिसर में ही अपनी दुकान संचालित करें। यदि कोई दुकानदार सड़क पर मांस की बिक्री करता या खुले में मांस के अवशेष फेंकता पाया गया तो उसका दुकान आवंटन निरस्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
सोमवार शाम शिवनगर वार्ड के लोगों ने गंदगी, दुर्गंध और खुले में फेंके जा रहे मांस के अवशेषों के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रकाश सिंह, ईओ शिवकुमार और थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया था।
नगर पंचायत प्रशासन ने नन्हें, मेराज, अली हुसैन, अजमत, असगर, रहमत, घिसई, मेहताब, सलीम समेत कुल 10 मीट कारोबारियों को नोटिस जारी करते हुए स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








