
*धार, (सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड)31 जुलाई 2026।* परिवहन आयुक्त एवं धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के आदेश के परिपालन मे जिले में विशेष चेकिंग अभियान के तहत नियमों के विरूद्ध संचालित वाहनोें पर चालानी कार्यवाही की जा रही है। इसी के तहत अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार श्री हृदेश यादव, परिवहन उप निरीक्षक कुमारी दिव्या पाटीदार, सहायक वर्ग-2 श्री मधुकर सिसोदिया एवं उनकी टीम द्वारा 16 जुलाई से 30 जुलाई तक शैक्षणिक संस्थानो मे विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत धार ज़िले के विभिन्न अनुभागों राजगढ़, मनावर, बदनावर, सरदारपुर, धार, पीथमपुर, सादलपुर क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में लगभग 350 स्कूल वाहनों पर सघन जांच की गई। जॉंच के दौरान 12 वाहन बिना परमिट, 22 वाहन बिना फिटनेस, 5 वाहन बिना इंश्योरेंस, 5 वाहन बिना रजिस्ट्रेशन, 8 वाहनों में इमरजेंसी गेट बाधित पाया गया एवं 6 वाहनों में अग्निशमन यंत्र मानक अनुरूप नहीं पाए जाने पर इन वाहनों पर सख्ती से कार्यवाही की गई। जांच के दौरान कुल 54 वाहन नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए। इस पर कुल 4 लाख 64 हजार रुपए का जुर्माना राशि वसूल की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री यादव ने बताया कि समय-समय पर जिले में विशेष अभियान चलाकर निरंतर वाहनो की चेकिंग संबंधी कार्यवाही की जायेंगी तथा नियम उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्यवाही की जायेंगी। इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सकें और सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।







