

KANTH (MORADABAD)। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, मुरादाबाद की आवश्यक बैठक शुक्रवार को चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद की प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं मंडलीय मंत्री डॉ. मधुबाला त्यागी (प्रधानाचार्या, कौशल्या कन्या इंटर कॉलेज) ने की, जबकि संचालन चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुदेश कुमार भटनागर ने किया।

बैठक में वर्ष 2005 के बाद नियुक्त प्रधानाचार्यों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, विद्यालयों में शुल्क वृद्धि, कक्षा 1 से 8 तक निःशुल्क पुस्तकों की उपलब्धता, छात्रवृत्ति के आवेदन समयबद्ध कराने, कक्षा 9 से 11 तक के छात्रों का पंजीकरण तथा शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति सहित विभिन्न शैक्षिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शासन द्वारा निर्धारित सभी कार्यों को तय समय-सारणी के अनुसार पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. मधुबाला त्यागी ने प्रधानाचार्यों की समस्याओं को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान परिषद की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें सुदेश कुमार भटनागर को अध्यक्ष, डॉ. अंजना शर्मा को जिला सचिव, नरेश कुमार को कोषाध्यक्ष, डॉ. नीति भारद्वाज को संगठन मंत्री, कुलदीप कुमार बरनवाल को महामंत्री, गजेंद्र सिंह को कार्यकारिणी अध्यक्ष, शिव कुमार शर्मा को मीडिया प्रभारी तथा रेणुका जोयल एवं छोटेलाल को संयुक्त मंत्री चुना गया। वहीं डॉ. वंदना सक्सैना, मोनिका रस्तोगी, डॉ. कुमार देव अवस्थी, डॉ. अनुज कुमार गुप्ता, अजय प्रकाश शर्मा और राजीव कुमार शर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में डॉ. मधुबाला त्यागी, शशि आर्या, नरेश कुमार, एस.के. नेथन, शिव कुमार शर्मा, कुलदीप बरनवाल, विमलेश कुमारी, सायमा बेगम, गजेंद्र यादव, आरती गोयल, छोटेलाल, विजय कुमार, डॉ. नीति भारद्वाज, डॉ. अंजना शर्मा सहित जनपद के अनेक प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्याएं उपस्थित रहे।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️



