
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता, साहस, टीम भावना और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया। 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की QRF कंपनी दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास एक मालवाहक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक के बीच बंद हो गया। ट्रक पूरी तरह माल से लदा हुआ था और उसी समय रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आने की स्थिति बन रही थी।
स्थिति की गंभीरता को भांपते ही QRF जवानों ने एक पल भी गंवाए बिना तत्काल मोर्चा संभाला। चालक की परेशानी को समझते हुए जवानों ने ट्रक को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रयास शुरू किया। भारी-भरकम और माल से लदे ट्रक को हटाना आसान नहीं था, लेकिन जवानों ने एकजुट होकर पूरी ताकत लगाई और ट्रक को धक्का देना शुरू किया।
जवानों के सामूहिक प्रयास और त्वरित कार्रवाई से ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित दूरी तक पहुंचा दिया गया। ट्रेन के आने से पहले ट्रैक को सुरक्षित कर लिया गया, जिससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद ट्रक चालक ने QRF जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। अचानक आई इस विपरीत परिस्थिति में बिना किसी औपचारिकता के मदद के लिए आगे आए जवानों की संवेदनशीलता से चालक भावुक हो गया। जवानों ने उसे ढांढस बंधाते हुए सुरक्षित रहने की बात कही।
यह घटना बताती है कि पुलिस की ड्यूटी केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है। जब किसी नागरिक का जीवन संकट में हो, तब पुलिस जवान अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर उसकी सुरक्षा के लिए भी तत्पर रहते हैं। मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक पर QRF जवानों की यह त्वरित कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस की उस सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है, जिसमें कर्तव्य, साहस और मानवता सर्वोपरि है। QRF जवानों द्वारा दिखाई गई असाधारण तत्परता, साहस, एकजुटता एवं मानवीय संवेदनशीलता की पुलिस अधीक्षक/सेनानी, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर श्री अनुराग सुजानिया एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में बिना समय गंवाए सूझबूझ और साहस के साथ की गई कार्रवाई पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भावना को प्रदर्शित करती है। अधिकारियों द्वारा जवानों को इसी प्रकार सजग, संवेदनशील एवं तत्पर रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। समय पर लिया गया एक सही निर्णय, एकजुट होकर किया गया प्रयास और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता—इसी ने आज एक बड़ी दुर्घटना को होने से रोक दिया।



