

KANTH (MORADABAD)। मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल ने शनिवार को कांठ एवं छजलैट क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। कांवड़ यात्रियों ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

कांठ तहसील क्षेत्र में इस बार कांवड़ यात्रा मार्ग पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के साथ ही पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर किया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने कांवड़ यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टिगत तहसील कांठ क्षेत्र में कैच की पुलिया स्थित कांवड़ यात्रा मार्ग पर बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कांवड़ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के समय स्वास्थ्य शिविर में मेडिकल टीम कांवड़ यात्रियों का उपचार करती मिली। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी के साथ जिलाधिकारी और एसएसपी ने कांठ थाना क्षेत्र की चौकी गढ़ी-सलेमपुर पहुंचकर कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल की ड्यूटी चेक की और पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा क्षेत्र में कड़ी चौकसी बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।इस दौरान उपजिलाधिकारी कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया, नायब तहसीलदार सिद्धार्थ सक्सेना, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश पाल सिंह, थानाध्यक्ष छजलैट रमेश सहरावत सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️






