एसएसपी का बड़ा एक्शन: विभाग से त्यागपत्र देने वाले पुलिसकर्मी से घूस मांगने के आरोप में सीआरके को हटाया
-साथी सिपाही का फलावदा स्थानांतरण, पुलिसकर्मियों पर एग्रीमेंट लगाने को मांगी जा रही थी रकम
पुलिस आफिस में भी पुलिसकर्मियों से वसूली का मामला सामने आया है। सीआरके पर विभाग के त्याग पत्र देने वाले पुलिसकर्मी से ही घुस मांगने का आरोप लगा है। मामला एसएसपी के संज्ञान में आने के बाद सीआरके को पद से हटा दिया, जबकि उसके साथी सिपाही का स्थानांतरण फलावदा किया गया। बताया जाता है कि पिछले काफी दिनों से एग्रीमेंट को लेकर भी पुलिसकर्मियों से पैसा मांगा जा रहा था।
एसएसपी आफिस में सीआरके अवधेश कुमार और सिपाही पंकज कुमार दोनों ही पुलिसकर्मियों के तनख्वाह से लेकर एग्रीमेंट एकाउंट से जुड़ा अन्य काम देखते है। बताया जाता है कि हाल में एक पुलिसकर्मी ने दूसरी सेवा ज्वानिंग की। उसके बाद पुलिस विभाग से त्याग पत्र दे दिया। उक्त त्याग पत्र स्वीकार करने के लिए पुलिसकर्मी से रकम वसूली जा रही थी। मामला एसएसपी अविनाश पांडेय की जानकारी में आया। उन्होंने सीओ आफिस से मामले की जांच कराई। उसके बाद सीआरके अवधेश कुमार को पद से हटा दिया। सिपाही पंकज कुमार का फलावदा स्थानांतरण किया गया है। एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस आफिस में तैनात अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी ने अन्य विभागों में काम करने वाले पुलिसकर्मियों को भी चेतावनी दी कि आफिस में बैठकर भ्रष्टाचार न करें, वरना मुकदमा दर्ज कराया जाएगा