
धनबाद: धनबाद नगर निगम बोर्ड की शनिवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास और सफाई व्यवस्था को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। बोर्ड ने करीब ₹141.82 करोड़ के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए विभाग को भेजने का निर्णय लिया है।बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव सिंह ने की। नगर आयुक्त आशीष गंगवार और उपमहापौर अरुण चौहान समेत सभी पार्षद बैठक में मौजूद रहे।
15 अगस्त के बाद खत्म होगी क्विक रिस्पांस टीम
सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए निगम ने बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। 15 अगस्त के बाद क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भंग कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर धनबाद नगर निगम के सभी 55 वार्डों में 15-15 समर्पित सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी।इससे वार्ड स्तर पर नियमित सफाई व्यवस्था मजबूत होने और सफाई की निगरानी बेहतर होने की उम्मीद है।
55 वार्डों में पांच-पांच योजनाओं को मंजूरी
नगर निगम बोर्ड ने सभी 55 वार्डों में पांच-पांच विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के तहत सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।इसके साथ ही विकास कार्य पूरा होने के बाद संबंधित पार्षदों को संतुष्टि प्रमाण पत्र देने का अधिकार भी दिया गया है।
3,000 नई LED स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी
शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए करीब ₹2 करोड़ की लागत से 3,000 अतिरिक्त LED स्ट्रीट लाइटों को लगाने और बदलने का निर्णय लिया गया है। जरूरत वाले इलाकों में पोल के साथ नई LED लाइटें भी लगाई जाएंगी।
तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
नगर निगम क्षेत्र के तालाबों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए करीब ₹2 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। वहीं कुओं के जीर्णोद्धार और नागरिक सुविधाओं के लिए ₹25 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
Pजलभराव से निपटने की तैयारी
धनबाद में जलजमाव की समस्या को देखते हुए बरमसिया तालाब की जल संचयन क्षमता बढ़ाने और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तलाशना है।
कतरास, सिजुआ, गोधर, पुटकी और राजगंज में सड़कें होंगी मजबूत
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) और क्लीन एयर फंड के तहत शहर के कई वार्डों में सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण के काम होंगे। इसके अलावा कतरास, सिजुआ, गोधर, पुटकी और राजगंज समेत कई इलाकों की मुख्य और आंतरिक सड़कों पर पेवर ब्लॉक और बिटुमिनस सड़क निर्माण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
नगर निगम के इन फैसलों के बाद आने वाले दिनों में धनबाद में सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और तालाबों के विकास से जुड़े कामों में तेजी आने की उम्मीद है।







