रांची। श्रावण मास की तीसरी सोमवारी के शुभ अवसर पर सरकार द्वारा पंजीकृत स्वयंसेवी संस्था ‘मार्ग’ के तत्वावधान में रांची पहाड़ी मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सदर अस्पताल रांची एवं रांची नगर निगम स्वास्थ्य शाखा की मेडिकल टीम ने डॉ. दिव्यांशु कुमार के निर्देशन में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच की।
जांच के दौरान लोगों को खान-पान और रहन-सहन से संबंधित आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
⁸
कार्यक्रम की अध्यक्षता ‘मार्ग’ के अध्यक्ष संजय कुमार ने की। इस अवसर पर संस्था के सचिव राहुल राज, वार्ड पार्षद 29 सुनील यादव तथा छात्र क्लब चिकित्सक मंच (यूनिट, छात्र क्लब ग्रुप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संस्था के अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मेडिकल टीम द्वारा लोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
वहीं, शिव किशोर शर्मा ने बताया कि श्रावण मास की चौथी एवं अंतिम सोमवारी को भी पहाड़ी मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जरूरतमंद लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर को सफल बनाने में मेडिकल टीम की जीएनएम रश्मि देमता, एमपीडब्लू ऋतिक कुमार महतो, एमपीडब्लू रामाश्रय कुमार, एएनएम सरिता कुमारी, एएनएम अल्का कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








