

महराजगंज।
सोनौली में फर्जी भारतीय दस्तावेजों का खुलासा, थाई महिला गिरफ्तार
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ और असंवैधानिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनौली पुलिस और इमिग्रेशन टीम को बड़ी सफलता मिली है। इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर जांच के दौरान कूटरचित भारतीय दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रही थाईलैंड निवासी 43 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोनौली स्थित इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर आव्रजन अधिकारी सुश्री हिना तोमर द्वारा थाईलैंड निवासी महिला HON CHUTICHIRAPHAT (43 वर्ष) से पूछताछ की गई। दस्तावेजों की जांच के दौरान सामने आया कि महिला ने कथित तौर पर छलपूर्वक अपना नाम बदलकर फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए थे।
जांच में उसके कब्जे से आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी जैसे भारतीय दस्तावेजों का अनधिकृत रूप से इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर थाना सोनौली पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मामले में थाना सोनौली पर मु0अ0सं0 77/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान बीएनएस की धारा 319(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) सहित आधार अधिनियम, विदेशी अधिनियम, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम तथा फेमा/ईडी अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय, जनपद महराजगंज के समक्ष प्रस्तुत किया गया। भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए पहचान बदलकर प्रवेश अथवा अन्य गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
[yop_poll id="10"]









