भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी सोमवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे। लखनऊ से अयोध्या तक उनके स्वागत के लिए जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किए। इसी दौरान एक राजनीतिक घटनाक्रम ने सबका ध्यान खींचा। भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने प्रदेश अध्यक्ष से अनोखे अंदाज में मुलाकात की।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले विनय कटियार ने कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर दिया था, जिससे अयोध्या की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई थीं। लेकिन इसके अगले ही दिन वे अचानक अयोध्या पहुंचे और मंच पर पंकज चौधरी के साथ नजर आए। दोनों नेताओं की साथ मौजूदगी की तस्वीर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई।
इस मुलाकात को पार्टी के अंदरूनी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि यह केवल औपचारिक शिष्टाचार भेंट थी और पार्टी संगठन पूरी तरह एकजुट है। अयोध्या दौरे के दौरान पंकज चौधरी ने रामलला के दर्शन भी किए और कार्यकर्ताओं से संवाद किया।