
।। ऑटो पार्ट्स की चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
अजीत मिश्रा (खोजी)
🔥 कप्तानगंज पुलिस ने दो अंतर्जनपदीय चोरों को दबोचा, कार व ऑटो पार्ट्स चोरी का खुलासा।।
बस्ती, 15 दिसंबर 2025।
थाना कप्तानगंज पुलिस ने कार और ऑटो पार्ट्स चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतर्जनपदीय चोरों को चोरी के महंगे सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत कप्तानगंज थाना पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनुराग चंद्रा पुत्र पुनीत चंद्रा, निवासी गथौलिया थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर और हिमांशु गुप्ता पुत्र बनारसी गुप्ता, निवासी गोलाबाजार थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से मोटर कार के महंगे पार्ट्स, जिनमें पंप और वाटर सील शामिल हैं, बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अनुराग चंद्रा का आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज है। उसके खिलाफ खलीलाबाद थाने में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी व नकबजनी से जुड़े कई मुकदमे पंजीकृत हैं। वहीं, दूसरे आरोपी हिमांशु गुप्ता के खिलाफ भी पूर्व में चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 230/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार राय, कांस्टेबल श्यामजीत और कांस्टेबल पंकज सिंह शामिल रहे।
कप्तानगंज पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















