
शेयर बाजार में आज 10 मार्च को जोरदार उठापटक देखने को मिली। दिन के अधिकतर समय हरे निशान में कारोबार करने के बाद, आखिरी घंटे में हुई जोरदार बिकवाली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अंत में लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स दिन के हाई से 620 अंक टूट गया। वहीं निफ्टी 22,500 के नीचे बंद हुआ। इसके चलते निवेशकों के शेयर बाजार में करीब 5 लाख करोड़ रुपये डूब गए। छोटे और मझोले शेयरों में भी और भी तेज गिरावट देखने को मिली। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.46 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 2.11 फीसदी टूटकर बंद हुआ। FMCG को छोड़कर निफ्टी के बाकी सभी 12 सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक या 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ 74,115.17 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 92.20 अंक या 0.41 फीसदी नीचे आकर 22,460.30 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹4.92 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 10 मार्च को घटकर 393.37 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 7 मार्च को 398.29 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.92 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.92 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 8 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयरों में 2.85 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), इंफोसिस (Infosys), नेस्ले इंडिया (Nestle India) और एशियन पेंट (Asian Paint) के शेयर 0.45 फीसदी से लेकर 1.97 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) का शेयर 3.86 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं जोमैटो (Zomato), लार्सन एंड टुब्रो (L&T), टाइटन (Titan) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में 0.97 फीसदी से लेकर 2.58% तक की गिरावट देखी गई।
2,879 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,229 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,202 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,879 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 148 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 75 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 129 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
सेंसेक्स के शेयरों का कैसा रहा हाल?
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इंडसइंड बैंक, जोमैटो, लार्सन एंड टूब्रो, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज पिछड़ गईं। दूसरी ओर, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, आईटीसी, सन फार्मास्यूटिकल्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में लाभ रहा।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “वैश्विक प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण बाजार की धारणा प्रभावित हो रही है, अमेरिका में बेरोजगारी दर और टैरिफ में वृद्धि के कारण अनिश्चितता बढ़ रही है, जिससे संकेत मिलता है कि निकट भविष्य में अस्थिरता बनी रहेगी।”
बाजार में दीर्घकालिक अवधि के लिए निवेश अब भी आकर्षक
नायर ने कहा कि घरेलू वृहद आर्थिक हालात निवेशकों को अल्पावधि में सावधानी के साथ नरम पड़े शेयरों में निवेश करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हालांकि, दीर्घकालिक अवधि के लिए बाजार में निवेश अब भी आकर्षक बना हुआ है। सोमवार को एशियाई बाजारों में टोक्यो, शंघाई, हांगकांग और सियोल में मिलाजुला रुख रहा। मध्य सत्र के सौदों में यूरोपीय बाजारों में गिरावट देखी गई। वहीं, शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट सकारात्मक रुख के साथ हुए थे।
निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर कौन-कौन रहे?
इस बीच, एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,035.10 करोड़ रुपये मूल्य के इक्विटी बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,320.36 करोड़ रुपये मूल्य के इक्विटी खरीदे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत बढ़कर 70.60 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
शुक्रवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स लगातार दो दिनों की बढ़त के साथ 7.51 अंक लुढ़ककर 74,332.58 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 7.80 अंक बढ़कर 22,552.50 पर बंद होने में सफल रहा था।