
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाएं शुरू

महासमुंद। शिक्षा सत्र 24-25 के लिए माशिमं की कक्षा 12 वीं की परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू हो गई। परीक्षा केंद्रों में बच्चो स्वागत किया गया। वही मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने से मनाही को देखते हुए गेट पर छात्र छात्राओं की तलाशी भी ली गई। माशिमं सचिव की टीम सहित जिला स्तरीय और ब्लाक स्तर पर गठित उडऩदस्तों ने पहले ही दिन से परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। आज पहला पर्चा विशिष्ट हिंदी का था । पर्चे को बाद बाहर निकले बच्चों ने बताया कि जो सिलेबस में था और जो पढ़े थे उसी में से प्रश्न पूछे गए थे, इसलिए पेपर अच्छा बना ।
रविशंकर विश्वविद्यालय स्नातक की परीक्षाएं भी शुरू
इधर रविशंकर विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं की भी वार्षिक परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 7:00 से 10:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 से शाम 6:00 बजे तक चलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं। इस बार परीक्षा में नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उडऩदस्ता टीम का गठन किया है, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण करेगी। इसके अलावा, परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया गया है। पिछले साल कई छात्र मोबाइल के माध्यम से नकल करते पकड़े गए थे, जिससे इस बार सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही सख्ती से चेकिंग की जा रही है, ताकि कोई अनुचित साधन परीक्षा केंद्र में न ले जाया जा सके।






