
*नारनौल के प्रसिद्ध डॉ. सुरेंद्र मित्तल को क्लिनिकल एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाजा*
नारनौल, 24 अगस्त महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल डायबिटीज एक्सपर्ट्स कंसोर्टियम (IDEC) कॉन्फ्रेंस में नारनौल के संवेदना हॉस्पिटल में कार्यरत प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र मित्तल को उनके उत्कृष्ट चिकित्सा कार्य एवं मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए IDEC Clinical Excellence Award से सम्मानित किया गया।

21 से 23 अगस्त तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मधुमेह, मोटापा, नई दवाओं तथा आधुनिक डायबिटीज टेक्नोलॉजी सहित उपचार की नवीनतम पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की। सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नए शोध एवं तकनीकी बदलावों की जानकारी भी साझा की गई।
*डॉ. सुरेंद्र मित्तल को यह सम्मान उत्कृष्ट क्लिनिकल प्रैक्टिस, मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा डायबिटीज एवं मेटाबोलिक मेडिसिन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर डॉ. मित्तल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व के साथ-साथ जिम्मेदारी का विषय भी है। उन्होंने कहा कि मधुमेह और मोटापे के उपचार में लगातार नए वैज्ञानिक एवं तकनीकी बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का प्रयास होना चाहिए कि इन आधुनिक उपचार पद्धतियों का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाया जाए।*
उन्होंने सम्मेलन के आयोजकों तथा वरिष्ठ विशेषज्ञों डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. बंशी साबू और डॉ. अर्चना सरदा सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
डॉ. मित्तल ने कहा कि इस प्रकार के वैज्ञानिक सम्मेलन चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम जानकारी से अपडेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलती है। डॉ. सुरेंद्र मित्तल को मिले इस सम्मान पर संवेदना हॉस्पिटल के स्टाफ, चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों तथा क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।






