
मौडीपुर में आयोजित सात दिवसीय बौद्ध एवं बाबा साहब जीवन गाथा कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब
टूंडला (फिरोजाबाद)। तहसील टूंडला के गांव मौडीपुर में भगवान बुद्ध और डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन दर्शन पर आधारित सात दिवसीय बौद्ध एवं बाबा साहब जीवन गाथा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मानुयायियों, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन सौली रहे, जिनका आयोजकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। साथ ही सपा के जिला उपाध्यक्ष रघुराज सविता और वरिष्ठ नेता गुरु चरण सिंह का भी सम्मानपूर्वक स्वागत हुआ।
इस दौरान वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के करुणा, शांति और समता के संदेश के साथ-साथ बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इन विचारों को आत्मसात कर ही समाज में समरसता, भाईचारा और सामाजिक न्याय की स्थापना की जा सकती है।
सपा नेताओं ने गंगा-जमुनी तहज़ीब, धर्मनिरपेक्षता और समानता को समाज की असली ताकत बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य हर धर्म, जाति और वर्ग को साथ लेकर चलना और देश में एकता, सद्भाव तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बुद्ध अनुयायियों, समाजसेवियों और सपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को प्रेरणादायक और सार्थक बना दिया।


