
7/11/2025

भभुआ/कैमूर।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने चुनाव प्रचार की कमान अब खुद पार्टी सुप्रीमो कुमारी मायावती ने संभाल ली है। गुरुवार को उन्होंने कैमूर जिले के भभुआ हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मायावती के आगमन पर पूरा इलाका “जय भीम – जय बसपा” और “जय मायावती” के नारों से गूंज उठा। सभा में हजारों की भीड़ उमड़ी, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुख्ता इंतज़ाम किए थे।
आज़ादी के 70 साल बाद भी नहीं हुआ दलित-पिछड़ों का विकास
सभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “देश को आज़ादी मिले 70 साल से ज़्यादा हो गए, लेकिन अब तक दलित, आदिवासी, पिछड़े, अतिपिछड़े और अल्पसंख्यक समाज की हालत में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।”
बसपा प्रमुख ने कहा कि आज भी गरीब तबके के लोग बदहाली में जी रहे हैं, जबकि सत्ता में रही पार्टियों ने सिर्फ अपने परिवार और समर्थकों का विकास किया।
बिहार की जनता से बसपा को मौका देने की अपील
मायावती ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि बिहार की जनता बाहर से आने वाली पार्टियों को सबक सिखाए और अपने स्वाभिमान के आधार पर वोट करे। उन्होंने कहा, “बसपा ने इस बार जाति और धर्म से ऊपर उठकर राजनीति करने का संदेश दिया है।”
उन्होंने पार्टी के प्रत्याशियों — भभुआ से विकास सिंह, मोहनिया से ओमप्रकाश दीवाना, रामगढ़ से सतीश उर्फ पिंटू यादव और चैनपुर से धीरज सिंह — के पक्ष में वोट देने की अपील की। साथ ही रोहतास जिले की चेनारी सीट से बसपा प्रत्याशी श्वेता कुमारी के समर्थन में भी वोट मांगे।
यूपी मॉडल का दिया उदाहरण
मायावती ने उत्तर प्रदेश में अपने शासनकाल का ज़िक्र करते हुए कहा कि “जब यूपी में बसपा की सरकार बनी थी, तब दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए थे।” उन्होंने दावा किया कि अगर बिहार की जनता बसपा को मौका देती है, तो यहां भी विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।
एनडीए और महागठबंधन दोनों पर हमला
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि “महागठबंधन हो या एनडीए, दोनों ने ही जनता का भरोसा तोड़ा है। ये पार्टियां सिर्फ वोट लेती हैं, विकास नहीं करतीं।” उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर बसपा को सत्ता में लाएं।
जन समर्थन से उत्साहित कार्यकर्ता
मायावती की सभा से बसपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह सभा कैमूर सहित पूरे शाहाबाद क्षेत्र में बसपा को नई ऊर्जा देगी। सभा के अंत में मायावती ने कहा, “अगर जनता ने बसपा को एक मौका दिया, तो बिहार का चेहरा बदल जाएगा।”





