

हरदोई। जनपद के पचदेवरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनौर में स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ ‘श्री शिवनगरी धाम सरकार’ में १०वां विशाल महाशिवरात्रि महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे आईपीएस अधिकारी श्री आलोक राज नारायण (अपर पुलिस अधीक्षक, हरदोई) ने दीप प्रज्वलन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
शक्ति और भक्ति का अनूठा संगम: मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मंदिर के सेवादार आदेश शुक्ला ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एएसपी आलोक राज नारायण जी ने कहा कि ५०० वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर की दिव्यता अद्भुत है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि भक्ति ही हमें समाज में शांति और सेवा की प्रेरणा देती है।
रात भर गूंजे महादेव के जयकारे: कार्यक्रम में पूरी रात भजन संध्या और झांकियों का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने झूमकर बाबा महाकाल का गुणगान किया। महंत श्री रामेश्वर दयाल शुक्ल के सानिध्य में मध्य रात्रि को बाबा का विशेष अभिषेक और महाआरती की गई। आदेश शुक्ला द्वारा आयोजित इस विशाल आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आदेश शुक्ला ने जताया आभार: आयोजक आदेश शुक्ला ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से यह १०वाँ महोत्सव ऐतिहासिक रहा। इस अवसर पर भारी संख्या में ग्रामीण और दूर-दराज से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।









