महराजगंज। विकास खंड मिठौरा के अंतर्गत बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति दरहटा में आज खाद के संकट को लेकर किसानों के सब्र का बांध टूट गया। किसान लंबे समय से खाद के लिए परेशान थे जिसको लेकर आज किसानों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया एवं सहकारी समिति के प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी किया। आपको बता दें कि किसानों ने आरोप लगाया है कि समिति के कर्मचारी कई महीनों से उन्हें खाद के लिए टाल मटोल कर रहे थे, जिसे लेकर आज स्थिति और भी विकट हो गई। गुस्साए किसानों ने बताया कि आज सुबह 11 बजकर 20 मिनट तक सहकारी समिति पर एक भी कर्मचारी उपस्थित नहीं हुआ था, जिसके चलते वितरण पूरी तरह बंद रहा जिसे लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ गया। फ़सल बर्बाद होने के डर से प्रदर्शनकारी किसानों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि समय पर खाद न मिलने से उनकी फसलें खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समिति में मनमानी और लापरवाही व्याप्त है, लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।