
हाथरस के सिकंदराराऊ में एटा-अलीगढ़ हाईवे पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मंडी समिति के पास स्थित ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार का सिर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से जा टकराया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने ओवरब्रिज पर एक बाइक को डिवाइडर के सहारे खड़ा देखा और कुछ दूरी पर एक युवक को लहूलुहान हालत में पड़ा पाया। राहगीरों ने तत्काल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दिनेश पुत्र सुनील (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव सेहवाजपुर, थाना गोंडा, जनपद अलीगढ़ का निवासी था। बताया जा रहा है कि दिनेश एटा की ओर से अलीगढ़ जा रहा था, तभी मंडी समिति ओवरब्रिज पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई।पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां वे गहरे सदमे में थे।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।










