A2Z सभी खबर सभी जिले की

बंद फाटक से भिड़ी तेज रफ्तार बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल

झारो रेलवे क्रॉसिंग पर हादसा, नशे की हालत में चला रहा था बाइक; पुलिस ने पहुंचाया सीएचसी दुद्धी

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_कोतवाली क्षेत्र के झारो रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक तेज रफ्तार बाइक बंद रेलवे फाटक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।IMG 20260723 WA0020
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान नरेश यादव (25) पुत्र रामदेनी यादव, निवासी गोहड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दुद्धी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान झारो रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के बावजूद उसकी तेज रफ्तार बाइक सीधे फाटक से जा टकराई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में युवक के सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया।
सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में घायल का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक शराब के नशे में था, जिससे उपचार में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग पर बंद फाटक के दौरान सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!