

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *आधार सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक सुगमता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के सागर में पहले नए आधुनिकतम ‘आधार सेवा केंद्र’ का संचालन आम जनता के लिए प्रारंभ कर दिया है। प्लॉट संख्या 54,अशोक विहार कॉलोनी,बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के सामने तिली रोड, सागर स्थित इस सर्वसुविधायुक्त केंद्र का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती संगीत सुशील तिवारी द्वारा फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर UIDAI राज्य कार्यालय, भोपाल के उप निदेशक श्री धर्मवीर कुशवाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय तक मध्य प्रदेश में UIDAI द्वारा सीधे संचालित आधार सेवा केंद्र केवल इंदौर और भोपाल में ही थे। इन दोनों केंद्रों की सेवाओं पर आम जनता का इतना अटूट विश्वास है कि प्रदेश के कोने-कोने से नागरिक अपने आधार संबंधी कार्यों के लिए वहाँ आते रहे हैं। जनता के इसी भरोसे को देखते हुए भारत सरकार ने देश के लगभग हर जिले में UIDAI के अपने आधार सेवा केंद्र शुरू करने की पहल की है। इसी कड़ी में अब सागर में इस सुविधा की शुरुआत की गई है।
केंद्र का अवलोकन करने और स्वयं अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए महापौर श्रीमती संगीत सुशील तिवारी ने कहा, “आधार सभी भारतीय नागरिकों की पहचान का बहुत ही इंपॉर्टेंट डॉक्यूमेंट है। समय-समय पर सभी नागरिकों को अपने आधार के बायोमेट्रिक अपडेट करना, मोबाइल नंबर अपडेट करना या नाम में सुधार कराना इत्यादि सर्विसेज की आवश्यकता लगती है। खास करके जो हमारे स्कूल के छोटे बच्चे हैं, जो नवीन सत्र में स्कूल में पहली बार प्रवेश कर रहे हैं, उनके लिए आधार होना बहुत अनिवार्य है। इस प्रकार के सेंटर्स निश्चित रूप से एक एडिशनल सर्विस के रूप में यहाँ के नागरिकों के लिए उपलब्ध हैं। यह एक सर्व-सुविधा युक्त सेंटर है। भारत सरकार और UIDAI की पूरी टीम की तरफ से जिले के आम नागरिकों के लिए यह एक बहुत बड़ी सौगात है। UIDAI का यह नया केंद्र सप्ताह के सातों दिन कार्यरत रहेगा, जिससे कामकाजी लोगों और व्यवसायियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस केंद्र में आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण सर्विस देने के लिए आधार सेवा केंद्र मैनेजर भी उपस्थित रहेंगे। इसे पूरी तरह से सुलभ बनाने के लिए दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं के लिए खास सर्विस काउंटर बनाए गए हैं। साथ ही, यहाँ ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की भी व्यवस्था है ताकि नागरिक अपनी सुविधानुसार समय (टाइम स्लॉट) बुक कर सकें और बिना ज्यादा इंतज़ार किए अपना कार्य करा सकें।










