बिहारदरभंगा

दरभंगा एलिवेटेड रोड पर बड़ा फैसला, डीएम ने दिए कड़े आदेश

दरभंगा एलिवेटेड रोड परियोजना की समीक्षा बैठक में डीएम कौशल कुमार ने भूमि, ट्रैफिक प्लान और निर्माण से जुड़े कार्यों में तेजी के निर्देश दिए।

दरभंगा एलिवेटेड रोड परियोजना में तेजी के निर्देश, डीएम कौशल कुमार ने की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

दरभंगा, 10 दिसंबर 2025: दरभंगा एलिवेटेड रोड परियोजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय कक्ष में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य परियोजना से जुड़े लंबित कार्यों की समीक्षा करना और आवश्यक समन्वय स्थापित करना था।

बैठक में बेंता चौक से कर्पूरी चौक तक मंदिर के पास से एलिवेटेड रोड को आमस–दरभंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के प्रस्ताव की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उप महाप्रबंधक, बीएसआरडीसीएल ने एलिवेटेड रोड एवं डीएमसीएच परिसर से संबंधित संयुक्त ओवरलैप का विस्तृत मानचित्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि डीएमसीएच परिसर में एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए कम से कम 16 मीटर अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर के समीप स्थित रोटरी क्षेत्र में अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता पड़ेगी और मंदिर का स्थानांतरण भी अनिवार्य होगा। इस प्रस्ताव पर जिलाधिकारी व डीएमसीएच के प्रधानाचार्य ने सहमति व्यक्त की।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बीएसआरडीसीएल और बीएमएसआईसीएल को संयुक्त रूप से आवश्यक भूमि का विस्तृत नक्शा तैयार कर हस्ताक्षरित स्वरूप में डीएमसीएच को एनओसी प्रक्रिया हेतु उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही पीएचईडी को 10–12 दिनों के भीतर प्राक्कलन प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया।

जिला भू अर्जन पदाधिकारी को सरकारी भूमि के सीमांकन कार्य को 31 दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं दोनार चौक पर प्रस्तावित ट्रैफिक प्लान पर भी चर्चा की गई और जिलाधिकारी ने इसे पत्र के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में प्रधानाचार्य, डीएमसीएच; उप महाप्रबंधक व डीजीएम बीएसआरडीसीएल; जिला भू अर्जन पदाधिकारी; बीएमएसआईसीएल के प्रतिनिधि; पीएचईडी के सहायक अभियंता; तथा अपर समाहर्ता (राजस्व) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

[yop_poll id="10"]
Show More

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!